गोल्ड कोस्ट : पांच बार की विश्व चैम्पियन और ओलंपिक कांस्य पदक विजेता मुक्केबाज एम सी मेरीकोम ने आज अपनी उपलब्धियों में राष्ट्रमंडल खेलों का स्वर्ण भी जोड़ लिया।
पहली और संभवत: आखिरी बार राष्ट्रमंडल खेलों में भाग ले रही 35 बरस की मेरीकोम ने महिलाओं के 48 किलो फाइनल में उत्तरी आयरलैंड की क्रिस्टीना ओहारा को 5:0 से हराया। ओहारा के पास मेरीकोम के दमदार पंच और फिटनेस का जवाब नहीं था। मेरीकोम ने मुकाबले को लगभग एकतरफा बना दिया।
अमित को सिल्वर
मेरी कॉम के गोल्डन पंच के बाद भारत को बॉक्सिंग में सिल्वर मेडल मिला। 46-49 किलोग्राम वर्ग के फाइनल में अमित को इंग्लैंड के गलाल याफी ने 3-1 मात दी।
नीरज चोपड़ा CWG की जेवलिन थ्रो में स्वर्ण जीतने वाले पहले भारतीय
जेवलिन थ्रो (भालाफेंक) में भारत को सुनहरी सफलता मिली। नीरज चोपड़ा राष्ट्रमंडल खेलों की भालाफेंक स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीतने वाले पहले भारतीय बन गए, जिन्होंने फाइनल में सीजन का सर्वश्रेष्ठ 86।47 मीटर का थ्रो फेंका।
इससे पहले भारतीय पहलवान सुमित मलिक ने राष्ट्रमंडल खेलों में पुरुषों के 125 किलो फ्रीस्टाइल वर्ग में स्वर्ण जीता, क्योंकि उनके प्रतिद्वंद्वी नाइजीरिया के सिनिवी बोल्टिक चोट के कारण मुकाबले में उतर नहीं सके। इससे पहले सुमित ने पाकिस्तान के तैयब रजा को 10- 4 से हराया था। ( कॉमनवेल्थ के ऑफिशियल वेबसाइट पर सुमित की जीत की आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है।)
भारत के खाते में 48 मेडल
भारत के खाते में अब तक कुल 48 मेडल आ चुके हैं। वह 21 गोल्ड, 13 सिल्वर और 14 ब्रॉन्ज मेडल के साथ पदक तालिका में तीसरे स्थान पर बरकरार है। पुरुषों की 50 मीटर राइफल थ्री पोजिशन स्पर्धा में संजीव राजपूत ने गोल्ड मेडल पर निशाना साधा। वह फाइनल में रिकॉर्ड 454.5 अंकों के साथ पहले स्थान पर रहे।
कनाडा के गर्जेगॉर्ज (448।4) ने सिल्वर और इंग्लैंड के डीन बेले (441.2) ने ब्रॉन्ज जीता। इसी स्पर्धा में भारत के चैन सिंह को पांचवां स्थान मिला। शूटिंग में भारत के कुल पदकों की संख्या 16 हो गई है, जिनमें 7 गोल्ड, 4 सिल्वर और 5 ब्रॉन्ज शामिल हैं। इसके साथ ही शूटिंग में सर्वाधिक 7 गोल्ड हासिल हो चुके हैं।
52 किलोग्राम वर्ग में भारत के मुक्केबाज गौरव सोलंकी ने नॉर्दर्न आयरलैंड के ब्रेंडन इर्विन को 4-1 से मात देकर स्वर्ण पदक पर कब्जा किया। गौरव का यह राष्ट्रमंडल खेलों में पहला पदक है। इसके बाद बॉक्सर मनीष कौशिक 60 किलोग्राम वर्ग फाइनल में मेजबान ऑस्ट्रेलिया के हैरी गर्साइड से हार गए। मनीष को 2-3 से मात मिली, जिससे उन्हें सिल्वर मेडल से संतोष करना पड़ा।